इंदौर में सामुदायिक संक्रमण की आशंका बढ़ी, 75 में से 56 मामलों के सोर्स का पता नहीं; आज एक महिला की मौत

भोपाल. मध्य प्रदेश में लॉकडाउन का आज नौवां दिन है। इंदौर में गुरुवार को एक और मौत हुई। यहां 65 साल की महिला ने दम तोड़ दिया। इसके साथ राज्य में मौत का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है। इंदौर में चार और उज्जैन में दो और खरगोन में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले इंदौर में हैं। यहां बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75 हो गई। इनमें से  56 में संक्रमण के सोर्स का पता नहीं चल पाया। हालात गंभीर होते जा रहे हैं। 


उधर, भोपाल में पुराने शहर में अभी भी लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। हालांकि, शहर को चार जोन में बांटा गया है और लोगों को एक से दूसरे इलाके में जाने की मनाही है। पुलिस उन जमातियों को भी खोज रही है, जिन्होंने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकजी मस्जिद के धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। ये जमातें यहां की कई मस्जिदों में रुकी थीं और धर्म प्रचार के लिए बस्तियों में घूमी थीं। बुधवार रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जमातों की ट्रैवल हिस्ट्री जल्द पता लगाने के आदेश दिए। आज पूरे प्रदेश में जमातों में आए लोगों के बारे में पता लगाए जाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 


स्वास्थ्य आयुक्त प्रतीक हजेला को हटाया गया 
सरकार ने इंदौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले को भी गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य आयुक्त प्रतीक हजेला को हटा दिया। आईएएस फैज अहमद किदवई को नया स्वास्थ्य आयुक्त बनाया है। उधर, भिंड-ग्वालियर में टोटल लॉकडाउन के बीच रात में कई बस्तियों में दुकानें खुलीं और बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। हालांकि, गुरुवार सुबह से पुलिस ने दूध की सप्लाई के बाद सख्ती दिखानी शुरू कर दी। प्रदेश में अब तक 98 संक्रमित पाए गए। इनमें इंदौर 75, उज्जैन, 6, खरगोन 1, जबलपुर 8, भोपाल 4, ग्वालियर-शिवपुरी 2-2 के संक्रमित शामिल हैं। 7 संक्रमितों की मौत हो चुकी। इंदौर 4, उज्जैन 2 और एक खरगोन का रहने वाला था।


इंदौर में सामुदायिक संक्रमण फैलने की आंशका 
इंदौर में कोरोनावायरस के सोर्स का पता नहीं चलने से आशंका जताई जा रही है कि संक्रमण कम्युनिटी लेवल पर फैल रहा है, जो संक्रमित मिले हैं, वे न तो कभी विदेश गए हैं और न ही उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री है। इंदौर में 75 में से 56 लोगों को संक्रमण कैसे हुआ, इसका पता नहीं चल पा रहा। जिन बस्तियों में ये संक्रमण फैला है, वहां बाहर के लोगों के आने की आशंका जताई जा रही। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तब्लीगी जमात में शामिल लोगों को क्वारैंटाइन में रखे जाने के निर्देश दिए। इस संबंध में जिला स्तर पर भी समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए गए। तब्लीगी जमात में शामिल प्रदेश के 107 नागरिकों की सूची प्राप्त हुई थी। इसमें से 67 नागरिक क्वारैंटाइन किए जा चुके हैं। शेष 40 जमातियों के नाम और पते मालूम नहीं होने से अन्य जिलों में उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। भोपाल और प्रदेश के अन्य जिलों में विदेशों से आए करीब 50 नागरिक भी क्वारैंटाइन के लिए भेजे गए। 


भोपाल: पुराने शहर का थोक बाजार 4 दिन के लिए बंद, जरूरी सामान के लिए परेशान बढ़ेगी



  • भोपाल जिले का सबसे बड़ा थोक बाजार गुरुवार से रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया। यह फैसला व्यापारियों ने आपसी सहमति से लिया। इससे शहर में जरूरी सामान की किल्लत हो सकती है। यह वही इलाका है, जहां विदेशी जमातों के मूवमेंट के बारे में जानकारी मिली है। प्रशासन यहां अभी तक लोगों से लॉकडाउन का पालन नहीं करा पाया है। पुराने शहर के बुधवारा, इतवारा, जुमेराती, ऐशबाग इलाके में अभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। 

  • उधर , पुलिस जांच में पता चला है कि मरकज से जमात के साथ लौटे 57 विदेशी नागरिक पुराने भोपाल की विभिन्न मस्जिदों में रुके हैं। फ्रांस, कनाडा, बर्लिन, म्यांमार, इंडोनेशिया के विभिन्न शहरों से आए ये धर्म प्रचारक 5 मार्च से भोपाल में हैं। जांच में ये भी पता चला है कि 15 फरवरी के बाद प्रदेश की अलग-अलग मस्जिदों में 83 विदेशी भी रह रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि भोपाल में इन दिनों इंडोनेशिया से महिलाओं की जमात भी आई है। मामला उजागर होने के बाद भोपाल समेत पूरे प्रदेश की मस्जिदों की जांच की जा रही है। खुफिया विभाग की टीमों को इस काम में लगाया गया है।

    ग्वालियर: टोटल लॉकडाउन का दूसरा दिन, रात में सड़क पर निकले लोग



    • शहर में आज टोटल लॉकडाउन का दूसरा दिन है। पहले दिन लोगों ने नियमों का पालन किया। लेकिन, रात होते ही सड़कों और बस्तियों में कई दुकानें खुल गईं। यहां लोग भी खरीदारी करने पहुंच गए। पुलिस के समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने।

    • गुरुवार सुबह से शहर में सिर्फ दूध की सप्लाई की गई। 2 दिन से शहर में सब्जी की सप्लाई नहीं हुई। शहर की लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के बाहर ताला डाल दिया गया। इसी तरह क्षत्री सब्जी मंडी में भी सन्नाटा पसरा है। आज टोटल लॉकडाउन का आखिरी दिन है। अगर हालत नहीं सुधरे तो संभावना जताई जा रही है कि इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।

    • जेएएच, जिला अस्पताल से जांच के लिए भेजे गए 48 सैंपल निगेटिव आए। 8 दिन से (24 मार्च के बाद) शहर में कोरोना का नया मरीज नहीं मिला। शहर में आटा और दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी जल्द मिलने की खबर है। बड़ी बात ये भी है कि प्रशासन ने खतरे को देखते हुए 5 हजार लोगों को रखने के लिए क्वारैंटाइन सेंटर भी ढूंढ़ लिए हैं। 

      मुरैना: संदिग्ध युवक जहां रहता है, उसकी पूरी कॉलोनी सील



      • गुरुवार सुबह से शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। पुलिस की सायरन बाजाती गाड़ियां गश्त कर रही हैं। लोगों को घरों से नहीं निकलने के लिए कहा जा रहा। दुबई से लौटे जिस वेटर और उसकी पत्नी को कोरोना संदिग्ध मानते हुए जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया है, उसकी पूरी कॉलोनी को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है।

      • युवक के घर के पड़ोसियों समेत उनके संपर्क में आए 22 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। आमपुरा में भी एक संदिग्ध की कॉलोनी को एहतियात के तौर पर सील किया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि दुबई से 17 मार्च को मुरैना आया युवक मेडिकल चेकअप में ओके रिपोर्ट लेकर आया था। उसके मुरैना आने से 2 दिन पहले से उसकी पत्नी बीमार है। वहीं, दिल्ली से आए पोरसा के एक युवक का सैंपल भी जांच के लिए ग्वालियर भेजा गया। इसके अलावा, जिला अस्पताल में आइसोलेट आमपुरा के युवक के आसपास के घरों को भी सील कर दिया गया। 




    • रायसेन: मरकज में बेगमगंज से 13 लोग गए थे, सभी दिल्ली में क्वारैंटाइन



      • प्रशासन ने सभी धार्मिक स्थलों को बंद करा दिया है। मरकज में रायसेन जिले के बेगमगंज से 12 लोग शामिल हुए। प्रशासन ने सभी के परिजन से संपर्क कर जानकारी ली। पता चला कि इन 12 में से कोई भी व्यक्ति बेगमगंज नहीं लौटा है। ये सभी दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती हैं। प्रशासन ने इसकी पुष्टि अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क करके की। वहीं, रायसेन के हकीम खेड़ी से भी एक व्यक्ति मरकज में शामिल हुआ था। यह व्यक्ति रायसेन भी लौटा। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराके क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया।

      • मरकज में शामिल होने गए विदिशा जिले की सिरोंज तहसील के 4 लोगों को दिल्ली में ही क्वारैंटाइन किया गया। चारों के ही साथ उनकी पत्नियां भी हैं। यानी सिरोंज के 8 लोग फिलहाल दिल्ली में हैं।


      शिवपुरी: संदिग्ध महिला अस्पताल का पर्चा फाड़ा, एफआईआर
      गुरुवार सुबह से जिले की सीमाओं पर पुलिसबल तैनात कर दिया गया। शहर के अंदर सिर्फ दूध और सब्जियों की दुकानें खुली हैं। किराना की कुछ दुकानों को खोलने की अनुमति प्रशासन ने दी है। इधर, दिल्ली से कोलारस लौटी महिला ने होम क्वारैंटाइन का पालन नहीं किया। घर के बाहर लगा पर्चा भी फाड़ दिया। इसके बाद महिला सामुदायिक अस्पताल पहुंच गई और स्टाफ के साथ भी बहस करने लगी। पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। महिला खुद को स्वास्थ्य बता रही थी। कोरोनावायरस को लेकर सोशल मीडिया में भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिले में 22 विदेशी यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। शिवपुरी में अभी तक 6641 लोगों को होम क्वॉरेंटाइन में भेजा गया। जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज उपचाररत है, जबकि एक मरीज स्वस्थ हाेकर घर जा चुका। 





  • भिंड: लहार और अटेर में तब्लीगी जमात के 33 लोग मिले
    बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली कि अटेर के बढ़पुरी गांव और लहार में तब्लीगी जमात के कुछ लोग आकर रुके हैं। जिला मुख्यालय से दोनों जगह टीमें भेजी गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्क्रीनिंग की और उन्हें होम क्वारेंटाइन किया। दिल्ली और जयपुर से अटेर के बड़पुरा में 22 और लहार में 11 लोगों के आने की सूचना मिली थी। एक दिन पहले यहां 14 लोगों की पहचान की गई थी। हालांकि, अब इन लोगों की स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। इसके अलावा, टोटल लॉकडाउन के दौरान सड़क पर घूम रहे 36 लोगों को पुलिस ने अस्थायी जेल में दिनभर हिरासत में रखा। देर शाम इन्हें रिहा किया गया।