मरकज से आए नीमच के 10 और बुरहानपुर के 5 लोगों को क्वारैंटाइन हाउस भेजा, क्षेत्र को सैनिटाइज कर सील किया

नीमच. नीमच/बुरहानपुर. निजामुद्दीन इलाके में हुए इस्लामिक धार्मिक आयोजन (तब्लीगी जमात मरकज) में शामिल हुए नीमच के 10 और बुरहानपुर के 5 लोगों की तलाश कर ली गई। दिल्ली से आए इन सभी लोगों को क्वारैंटाइन कर इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। क्षेत्र को सील कर दिया गया है। 



नीमच शहर के घंटाघर के पास छोटी मंडी में हजरत निजामुद्दीन ने आए 10 महिला- पुरुषों को जांच के बाद जिला अस्पताल में क्वारैटाइन किया गया है। सैंपल के लिए स्वास्थ्य टीम सुबह इनके घर पहुंची और परिवार के अन्य लोगों की जांच की। इसके अलावा पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज कर सील कर दिया। वहीं, बुरहानपुर में भी टीम ने पांचों को क्वारैंटाइन हाउस भेज दिया। सैंपल जांच के लिए भेजे और सुबह क्षेत्र को सैनिटाइज किया। बुरहानपुर में जिन्हें क्वारैंटाइन भेजा गया है, इसमें से एक दाे खाैराती बाजार, एक प्रगति नगर, एक नया माेहल्ला और एक डाॅ. जाकिर हुसैन वार्ड का निवासी है। क्वारैंटाइन भेजा गया एक व्यक्ति आयुष डॉक्टर है, जो दिल्ली से लौटने के बाद डॉक्टरों की अस्थाई भर्ती का इंटरव्यू देने पहुंचा था। इनके यदि सैंपल पॉजिटिव आते हैं तो इंटरव्यू लेने वाले डॉक्टरों के साथ ही यहां आए अन्य डॉक्टरों को भी क्वॉरेंटाइन किया जाएगा। टीम ने इनके क्षेत्र में पोस्टर लगा दिए हैं और सील कर दिया है।